
BPSSC पुलिस अवर निरीक्षक भर्ती: 150 पदों के लिए आज से आवेदन शुरू
जागरण संवाददाता, पटना। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (बीपीएसएससी) ने गृह विभाग (आरक्षी शाखा) के अधीन पुलिस अवर निरीक्षक (सामान्य बंद संवर्ग) के 150 पदों के लिए आवेदन 9 जुलाई से शुरू हो जाएंगे।
इच्छुक वेबसाइट https://bpssc.bihar.gov.in/ पर जाकर नौ जुलाई से नौ अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने वालों की शैक्षणिक योग्यता एक अगस्त 2025 तक स्नातक या समकक्ष होनी चाहिए।
उम्र की सीमा
उम्र सीमा की गणना भी एक अगस्त 2025 के आधार पर की जाएगी। अनारक्षित (सामान्य) कोटि के पुरुषों के लिए न्यूनतम उम्र 20 वर्ष और अधिकतम 37 वर्ष तथा महिलाओं के लिए न्यूनतम 20 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष है।
इसी तरह, पिछड़ा वर्ग एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग के पुरुषों एवं महिलाओं के लिए न्यूनतम 20 वर्ष और अधिकतम उम्र 40 वर्ष निर्धारित की गई है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के पुरुषों एवं महिलाओं के लिए न्यूनतम उम्र 20 और अधिकतम उम्र 42 वर्ष है।
बिहार राज्य के वैसे सरकारी सेवकों को उच्चतर वेतनमान की सेवा/संवर्ग में जाने के लिए प्रतियोगिता परीक्षाओं में भाग लेने के लिए अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट दी जाएगी, जिन्होंने नियमित सेवा में न्यूनतम तीन वर्षों की अवधि पूरी कर ली हो।
असैनिक पदों पर नियुक्ति के लिए भूतपूर्व सैनिकों को अधिकतम आयु सीमा में तीन वर्ष तथा प्रतिरक्षा सेवा में बिताई गई सेवा अवधि के योग के समतुल्य रियायत दी जाएगी, बशर्ते कि उनकी वास्तविक उम्र कट-आफ तिथि को 57 वर्ष से अधिक नहीं हो।