वाराणसी स्थित बीएचयू (Banaras Hindu University) कैंपस में छात्रों के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प की खबरें सामने आ रही हैं। स्थिति को देखते हुए कैंपस में कई थानों की पुलिस फोर्स और पीएसी को तैनात किया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीएचयू के दो छात्रावासों के छात्र आमने-सामने आ गए हैं, जिससे हिंसा के और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि चार बंग छात्रावास के छात्रों ने रुइया छात्रावास के एक छात्र के साथ मारपीट की थी। इस घटना के विरोध में रुइया छात्रावास के छात्र लामबंद हो गए।

इसी मामले को लेकर बिरला छात्रावास के छात्र भी समर्थन में लामबंद हो गए, जिसके बाद आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों की ओर से पथराव और हिंसक हमलों की खबरें सामने आई हैं। हालात बिगड़ते देख विश्वविद्यालय प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पथराव के बाद कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पीएसी समेत कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर मौजूद है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।