भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन की रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने निंदा की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश का सम्मान बढ़ाने के बजाय आयोजन में व्यवधान उत्पन्न करने का रास्ता चुना।

Rajnath Singh Defence Minister

नई दिल्लीः प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में चल रहे एआई समिट में इंडियन नेशनल यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन किया। भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन की रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने निंदा की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश का सम्मान बढ़ाने के बजाय आयोजन में व्यवधान उत्पन्न करने का रास्ता चुना।

कांग्रेस ने बाधा पैदा करने का रास्ता चुनाः राजनाथ सिंह

राजनाथ सिंह ने X पर लिखा, 'जब पूरा विश्व भारत को नई दिल्ली में मौजूद भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट की मेजबानी करते हुए देख रहा था और तकनीक व नवाचार के क्षेत्र में हमारे बढ़ते वैश्विक नेतृत्व का साक्षी बन रहा था, उस समय कांग्रेस ने देश का सम्मान बढ़ाने के बजाय आयोजन में व्यवधान उत्पन्न करने का रास्ता चुना।'

यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा जिस शर्मनाक तरीके से कार्यक्रम स्थल पर अनुचित व्यवहार करते हुए हंगामा किया गया है वह न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि भारत की प्रतिष्ठा को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर धूमिल करने का प्रयास भी है।


रक्षा मंत्री ने कहा, 'यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा जिस शर्मनाक तरीके से कार्यक्रम स्थल पर अनुचित व्यवहार करते हुए हंगामा किया गया है वह न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि भारत की प्रतिष्ठा को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर धूमिल करने का प्रयास भी है। मैं कांग्रेस के इस कृत्य की भर्त्सना करता हूं।'

 

दलगत राजनीति को ऊपर रखना अत्यंत दुखदः रक्षा मंत्री

राजनाथ सिंह ने कहा कि जब भी भारत वैश्विक मंच पर आगे बढ़ता है, कांग्रेस राष्ट्रहित के साथ खड़े होने के बजाय राजनीतिक लाभ लेने को प्राथमिकता देती दिखाई देती है। दलगत राजनीति को देश की प्रतिष्ठा और सम्मान से ऊपर रखना अत्यंत दुखद है। भारत की जनता भली-भांति समझती है कि कौन भारत को सशक्त और समर्थ बनाने में जुटा है और कौन बार-बार भारत की छवि को धूमिल करने का प्रयास करता है।

 

विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस की हताशा दिख रहीः पीयूष गोयल

इस प्रदर्शन को लेकर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कांग्रेस पार्टी और सांसद राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन नहीं कांग्रेस का घमंड और हताशा को दिखा रहा है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने एक्स पोस्ट में लिखा कि यह कांग्रेस का घमंड और फ्रस्ट्रेशन दिख रहा है। राहुल गांधी, सरकार को टारगेट करने के लिए भारत को बेइज्जत करना ही आपका और विपक्ष का आइडिया है। एक तरफ आप हाल के ट्रेड डील्स के बारे में झूठ फैलाकर भारत के डेवलपमेंट को रोकना चाहते हैं, तो वहीं दूसरी तरफ आपके मातहत आने वाले (पीछे खड़े लोग) मशहूर एआई समिट में बिना शर्ट के मार्च कर रहे हैं, और दुनिया भर में 140 करोड़ भारतीयों को शर्मिंदा करने की कोशिश कर रहे हैं। यह रुकावट डालने की रणनीति सिर्फ आपके और आपकी पार्टी के भारत के लिए विजन की कमी को दिखाती है।