UGC Act: यूजीसी के नए नियमों के खिलाफ लखनऊ से दिल्ली तक प्रदर्शन जारी हैं। दिल्ली में यूजीसी मुख्यालय के बाहर सामान्य वर्ग के प्रतिनिधि विरोध कर रहे हैं, जिन्हें पुलिस ने रोक दिया है। वहीं यूजीसी ने नए नियमों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की गई है, जानें इस मामले पर बड़े अपडेट्स...
![]()
नई दिल्ली: यूजीसी के नए नियम 'उच्च शिक्षा संस्थानों में समानता विनियम, 2026' को लेकर लखनऊ, पटना से लेकर दिल्ली तक प्रदर्शन व्यापक स्तर पर शुरु हो गए हैं। राजधानी दिल्ली में यूजीसी मुख्यालय के बाहर सामान्य वर्ग के प्रतिनिधि विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि प्रदर्शनकारियों को अंदर नहीं जाने दिया गया है। वहीं इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक और याचिका दाखिल की गई है। जानें इस मामले पर बड़े अपडेट...
दिल्ली में विरोध प्रदर्शन
यूजीसी द्वारा 13 जनवरी 2026 को जारी किए गए नियमों को लेकर यूजीसी के दिल्ली स्थित हेडक्वाटर के बाहर मंगलवार सुबह से सामान्य वर्ग के लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। वहां पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स को तैनात किया है। प्रदर्शनकारियों को अंदर प्रवेश करने से रोकने के लिए पुलिस ने मुख्य द्वार पर बैरिकेड लगा दिए हैं। किसी भी प्रदर्शनकारी को यूजीसी ऑफिस के अंदर जाने की इजाजत नहीं है।
जमीनी स्तर से लेकर सोशल मीडिया तक नए नियमों का विरोध
यूजीसी के नए नियमों के खिलाफ दिल्ली के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और बिहार में भी विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज सुबह से ही बड़ी संख्या में सामान्य वर्ग के छात्र सड़क पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं बिहार में कई जगहों से प्रदर्शन की जानकारी सामने आई है। जमीन से लेकर सोशल मीडिया तक यूजीसी के इन नए नियमों के खिलाफ 'वॉर' छिड़ गया है। सामान्य वर्ग की मांग है कि इस एक्ट को वापस लिया जाए या इसमें संशोधन किया जाए।