महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के साथ यूपी की पिंकी माली की भी मौत हो गई। वह डिप्टी सीएम के विमान में फ्लाइट अटेंडेंट थीं।

Who Was Pinky Mali

जावेद अहमद, जौनपुर: महाराष्ट्र के बारामती में हुए दर्दनाक विमान हादसे में उत्तर प्रदेश के जौनपुर की पिंकी माली का भी निधन हो गया। दरअसल, महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के साथ बारामती विमान हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। इस हादसे ने महाराष्ट्र के साथ-साथ पूरे देश को शोक में डुबा दिया है। वहीं, इस हादसे में यूपी के जौनपुर की पिंकी माली का भी दुखद निधन हुआ है। पिंकी इस विमान में बतौर फ्लाइट अटेंडेंट तैनात थीं। क्रू मेंबर के निधन ने उनके गांव में शोक की लहर पैदा कर दी है। गांव के लोग पिंकी माली को याद कर रहे हैं।

 

भैंसा गांव की रहने वाली थीं पिंकी

अजित पवार के विमान में पिंकी माली क्रू मेंबर के तौर पर तैनात थीं। वह जौनपुर जिले के केराकत तहसील के भैंसा गांव की रहने वाली थीं। अपना दल के राष्ट्रीय सचिव पप्पू माली ने बताया कि पिंकी माली के पिता शिवकुमार माली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता थे। उनके परिवार के सभी लोग मुंबई में रहते हैं। कभी-कभार उनका आना-जाना जौनपुर रहता था।